The Duniyadari: रायपुर- राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला के ऊपर मिर्च पाउडर फेंककर मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता नंदी चौक, टिकरापारा इलाके में रहती है और निजी नौकरी करती है। महिला ने बताया कि 11 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाला आदित्य मानिकपुरी उसके घर के अंदर आ गया।
महिला के अनुसार आरोपी ने घर में आने के बाद कहा कि उनके घर की बिल्ली का खाना उसकी छत पर रखा हुआ था, जिसे वह लेने आया है। इस पर महिला ने कहा कि संभवतः उसके भाई ने खाना वहां रखा होगा। बातचीत के दौरान अचानक आरोपी ने अपनी जेब से मिर्च पाउडर निकालकर महिला के ऊपर फेंक दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसका गला दबाया और धक्का देकर उसे घर के कमरे के अंदर ले गया। वहां उसे जमीन पर पटककर मारपीट करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि आरोपी ने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू भी निकाल लिया था।
हालांकि महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया और उससे पूछा कि वह ऐसा क्यों कर रहा है। इस पर आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह पैसों के लिए हमला कर रहा है।
महिला ने मौका देखकर आरोपी को जोर से धक्का दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आरोपी घर से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद महिला ने पड़ोस में रहने वाली पुष्पा लोखंडे और वंदना लोखंडे को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने फोन कर अपनी मां मधु यादव को भी घटना के बारे में बताया।
मारपीट के दौरान महिला के गर्दन, चेहरे और दाहिने हाथ के पंजे में चोट आई है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
































