The Duniyadari: बिलासपुर- जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल की चेतावनी के बावजूद कुछ दुकानदार नियमों की अनदेखी कर घरेलू सिलेंडरों का अवैध भंडारण और दुरुपयोग करते पाए गए हैं। इसी कड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।
जांच के दौरान एक किचन केयर और किराना स्टोर से कुल 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके पर टीम को गैस सिलेंडर से गैस निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले, जिससे अवैध रूप से सिलेंडर से गैस निकालकर बेचने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की बात कही है।
प्रशासन के मुताबिक, जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इससे पहले बुधवार को भी की गई कार्रवाई में 72 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।
हालांकि जिला प्रशासन और गैस वितरकों का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं को अलग तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गैस एजेंसियों में पहुंचने वाले लोगों को ऑनलाइन बुकिंग कराने की सलाह दी जा रही है, जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस कंपनियों के टोल-फ्री नंबर पर कॉल नहीं लग रही है। इससे लोगों को बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गैस एजेंसियों से जुड़े लोगों का कहना है कि तकनीकी समस्या और सर्वर डाउन होने की वजह से बुकिंग सिस्टम प्रभावित हुआ है। सर्वर में दिक्कत के कारण न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी जनरेट हो रही है। इसी कारण एजेंसियों में गैस लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है और किसी भी तरह की कालाबाजारी की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।
































