The Duniyadari: कोरबा। शहर की सीएसईबी कॉलोनी में रविवार को एक 26 वर्षीय मीडियाकर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान इमानुएल तांडी के रूप में हुई है, जो स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कैमरामैन के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि उसके पिता सीएसईबी में कार्यरत थे और सेवानिवृत्ति के बाद परिवार दूसरे मकान में रहने लगे थे, जबकि इमानुएल कभी-कभी पुराने क्वार्टर में आकर रुक जाया करता था।
परिजनों के मुताबिक जब लंबे समय तक फोन करने पर भी इमानुएल ने कॉल रिसीव नहीं किया तो उन्हें चिंता हुई। इसके बाद वे क्वार्टर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका होने पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां इमानुएल का शव कमरे के भीतर पड़ा मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही उसके माता-पिता और बहन भी मौके पर पहुंच गए। इमानुएल परिवार का इकलौता बेटा था, जिसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। डॉक्टरों की जांच में उसे मधुमेह (शुगर) की बीमारी होने की पुष्टि हुई थी।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।















