Sunday, March 15, 2026
Home Breaking कोरबा में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी...

कोरबा में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

15

The Duniyadari: कोरबा। जिले में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। सभी आरोपी सूने मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।

जानकारी के मुताबिक रामपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दो चोरी के मामले दर्ज किए गए थे। पीड़ित अमित दिवाकर और नंद कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च 2026 को वे परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घरों के ताले तोड़कर अंदर घुसकर सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर ताले टूटे देखकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर बेन्द्रकोना निवासी सुमित्रा रात्रे (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार सुमित्रा रात्रे के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।

इसी तरह मानिकपुर क्षेत्र में भी एक मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में पुलिस ने आकाश मरावी (19), रोहित शर्मा (19) और निखिल वर्मन (21) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और नगदी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन रामपुर थाना और मानिकपुर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इन घटनाओं का पर्दाफाश किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।