Tuesday, March 31, 2026
Home Breaking ईंधन को लेकर अफवाहों पर कलेक्टर का संदेश: जिले में पेट्रोल-डीजल...

ईंधन को लेकर अफवाहों पर कलेक्टर का संदेश: जिले में पेट्रोल-डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता

7

The Duniyadari: रायपुर- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ईंधन की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए नागरिकों से घबराने की जरूरत नहीं बताई है। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

कलेक्टर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक जानकारी प्रसारित हो रही थी, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई थी। प्रशासन ने इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों में आम नागरिकों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकतानुसार ही ईंधन खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें। ज्यादा मात्रा में खरीदारी से कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कलेक्टर ने बताया कि कालाबाजारी और अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए तहसील स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने कार्रवाई करते हुए 5 घरेलू गैस सिलेंडर और 8 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए हैं।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ईंधन की आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।