Tuesday, March 31, 2026
Home Breaking गर्मियों में यात्रियों को राहत: इतवारी–शालीमार के बीच चलेगी साप्ताहिक समर स्पेशल...

गर्मियों में यात्रियों को राहत: इतवारी–शालीमार के बीच चलेगी साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन

6

The Duniyadari: रायपुर- गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नागपुर मंडल से गुजरने वाली इतवारी–शालीमार के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन अप्रैल से जून तक यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08865 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से शालीमार के लिए 2 अप्रैल 2026 से 25 जून 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। यह ट्रेन इतवारी स्टेशन से शाम 5:10 बजे रवाना होकर गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और संतरागाछी होते हुए अगले दिन दोपहर 2 बजे शालीमार पहुंचेगी।

वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 08866 शालीमार से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के बीच 3 अप्रैल 2026 से 26 जून 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन शालीमार से शाम 6 बजे रवाना होकर संतरागाछी, खड़गपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया स्टेशनों पर ठहरते हुए दोपहर 3:35 बजे इतवारी पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, इस समर स्पेशल ट्रेन में कुल 21 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य श्रेणी, 10 स्लीपर, 3 एसी थ्री-टियर, 1 एसी टू-टियर, 1 पैंट्री कार और 1 वीपीयू कोच शामिल रहेंगे।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रेन की विस्तृत समय-सारणी और सीट उपलब्धता की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप का उपयोग करें।