The Duniyadari: बिलासपुर। रतनपुर और कोटा क्षेत्र में बदमाशों की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में भय का माहौल बन गया है। सोमवार रात कोटा-रतनपुर मार्ग पर लखनी देवी मंदिर के पास बाइक सवार युवकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोटा के श्रीपारा निवासी अजय ध्रुव अपने दोस्तों राहुल सिदार और रोहित धुर्वे के साथ ग्राम घासीपुर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार में कट मार दिया। इस पर अजय और उसके साथियों ने आपत्ति जताते हुए युवकों को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर अजय ध्रुव पर हमला कर दिया। हमले में अजय की पीठ में गंभीर चोट आई। घटना के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अजय को तत्काल कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।















