Friday, May 1, 2026
Home Breaking कोरबा में दिनदहाड़े 5 लाख की उठाईगिरी, शहरभर में नाकाबंदी — पुलिस...

कोरबा में दिनदहाड़े 5 लाख की उठाईगिरी, शहरभर में नाकाबंदी — पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

52

The Duniyadari: कोरबा। शहर में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 5 लाख रुपये की उठाईगिरी की घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया और पूरे शहर में तत्काल नाकाबंदी कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने बेहद शातिर अंदाज में रकम पार कर ली और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आउटर इलाकों में सघन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस टीमों द्वारा हर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है।

नाकाबंदी के दौरान शहर में पुलिस की गतिविधियां तेज नजर आईं। जगह-जगह बैरिकेडिंग, सायरन की आवाज और पुलिस की तैनाती से माहौल काफी सख्त दिखा। संदिग्धों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

कोतवाली थाना प्रभारी मोती पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की गई है। संदिग्धों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस उठाईगिरी ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। लोगों में इस घटना को लेकर चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।