The Duniyadari: अंबिकापुर में महामाया प्रवेश द्वार से लगे रिंग रोड पर महिला की निर्मम हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मिथुन उर्फ पांडा तीसरे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
जांच के दौरान सामने आया है कि वारदात के कुछ घंटे बाद ही आरोपी अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था, जहां वह सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे पैदल चलते हुए कमलपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचा। पुलिस को यहां तक उसके मूवमेंट के प्रमाण मिले हैं, लेकिन इसके आगे उसका कोई लोकेशन नहीं मिल पाया है।
शुरुआत में आरोपी का कोई फुटेज नहीं मिला था, लेकिन बाद में अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी खंगालने पर उसके मूवमेंट की पुष्टि हुई। होलीक्रॉस स्कूल के पास लगे कैमरे में वह पैदल जाते दिखा, इसके बाद अजिरमा बैरियर के पास भी उसकी मौजूदगी दर्ज हुई। रेलवे स्टेशन के कैमरों में उसका चेहरा साफ दिखाई दिया, जहां वह बिना घबराहट के घूमता नजर आया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना के दिन स्टेशन क्षेत्र में ही समय बिताया और रात को एक निर्माणाधीन स्थल के पास सोया। अगले दिन दोपहर करीब 12:30 बजे वह मेमू ट्रेन में चढ़ा, लेकिन कुछ ही देर बाद उतर गया। इसके बाद वह फिर रेलवे ट्रैक के सहारे आगे बढ़ गया। जांच में उसके कमलपुर तक पहुंचने की पुष्टि हुई है, वहीं आगे सिलफिली क्षेत्र की ओर जाने के संकेत भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी आसपास के गांवों में छिपा हो सकता है।
पुलिस ने बढ़ाया अलर्ट, अन्य जिलों में भेजी तस्वीर
सरगुजा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। उसकी तस्वीर आसपास के जिलों में भी भेजी गई है ताकि जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
मेडिकल रिपोर्ट में महिला के साथ बर्बरता की पुष्टि हुई है। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट हुआ है कि हत्या से पहले उसके साथ अत्यंत क्रूरता की गई थी।
गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन
आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को लेकर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया है। युवा कांग्रेस ने गांधी चौक स्थित डेटा सेंटर के सामने धरना प्रदर्शन किया।
लिली श्रीवास के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।















