The Duniyadari: रायपुर- विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए महतारी वंदन योजना की 26वीं किश्त जारी कर दी है। राशि जारी होते ही प्रदेशभर की लाखों महिलाओं के मोबाइल पर बैंक जमा की सूचना पहुंची, जिससे हितग्राहियों में खुशी का माहौल देखा गया।
राज्य सरकार की ओर से इस किश्त के तहत 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। इनमें 7773 महिलाएं नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की भी शामिल हैं।
सरकार ने इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से की थी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। अब तक इस योजना के माध्यम से महिलाओं को कुल 16,881 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।
ई-केवाईसी अभियान भी जारी
योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे, इसके लिए हितग्राही महिलाओं का ई-केवाईसी अभियान भी तेज किया गया है। ई-गवर्नेंस सर्विसेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से 3 अप्रैल से शुरू हुई यह प्रक्रिया 30 जून तक चलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवन और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में वीएलई के माध्यम से केवाईसी अद्यतन किया जा रहा है।
जिनके खाते में राशि नहीं पहुंची, वे कराएं ई-केवाईसी
लक्ष्मी राजवाड़े ने अपील करते हुए कहा है कि जिन महिलाओं का ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि योजना की राशि समय पर उनके खातों में पहुंच सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार योजना के कुल 68 लाख 94 हजार 633 हितग्राहियों में से केवाईसी लंबित हितग्राहियों को छोड़कर 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं को 26वीं किश्त का भुगतान किया गया है।















