Saturday, April 11, 2026
Home Breaking औचक निरीक्षण में सख्ती: गैरहाजिर कर्मचारी और लंबित फाइलों पर कमिश्नर ने...

औचक निरीक्षण में सख्ती: गैरहाजिर कर्मचारी और लंबित फाइलों पर कमिश्नर ने जारी किए नोटिस

15

The Duniyadari: बिलासपुर- नगर निगम में कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार शाम विकास भवन स्थित निगम मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। शाम करीब 4:30 बजे पहुंचे कमिश्नर ने विभिन्न शाखाओं का दौरा कर कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों की स्थिति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान योजना शाखा के दो कर्मचारी ड्यूटी समय में अनुपस्थित मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पीएम आवास शाखा की समीक्षा के दौरान कई आवेदन लंबे समय से लंबित पाए गए। इस पर आयुक्त ने संबंधित क्लर्क को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और अधिकारियों को चेतावनी दी कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ देने में देरी नहीं होनी चाहिए। भवन शाखा में भी लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों को लेकर असंतोष जताते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, विभागों के बाहर नाम पट्टिका नहीं लगाए जाने पर स्टोर प्रभारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और फाइलों के व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित कार्यालय से काम की गति तेज होती है और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलती है।

औचक निरीक्षण के दौरान सभी शाखाओं को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने अधिकारियों को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने और जनता से जुड़े मामलों में देरी न करने की सख्त हिदायत दी।

इस अचानक निरीक्षण के बाद निगम कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ी है और कार्यालयों में कार्यकुशलता सुधारने के प्रयास तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।