The Duniyadari: रायगढ़- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थित रूपाणाधाम स्टील प्लांट में कार्य के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया, जिसमें एक 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गेरवानी स्थित रूपाणाधाम स्टील प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार रात नियमित काम चल रहा था। इसी दौरान बायरल सेक्शन में तैनात फायरमैन दीपक चौहान (22), निवासी राबो, ड्यूटी के दौरान अचानक लगभग 10 से 12 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद घायल युवक को आनन-फानन में फोर्टिस जिंदल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। वहीं औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने भी प्लांट का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय मौजूद कर्मचारियों से जानकारी ली गई है, लेकिन घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसका बयान अभी दर्ज नहीं हो सका है। स्थिति में सुधार के बाद उसका बयान लिया जाएगा।
औद्योगिक सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।















