Sunday, April 12, 2026
Home Breaking कोरबा में देर रात भीषण सड़क हादसा: डीजल टैंकर और ट्रेलर की...

कोरबा में देर रात भीषण सड़क हादसा: डीजल टैंकर और ट्रेलर की टक्कर, तीन घंटे तक थमा यातायात

11

The Duniyadari: कोरबा- जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एनएच-130 पर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।

कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित लालघाट के पास डीजल टैंकर और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और टैंकर चालक केबिन में फंस गया।

मिली जानकारी के अनुसार डीजल टैंकर अंबिकापुर की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रेलर कटघोरा की दिशा में जा रहा था। लालघाट के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जबकि टैंकर चालक काफी देर तक केबिन में फंसा रहा।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान एनएच-130 पर अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इसी दौरान पर्यटन मंत्री का काफिला भी जाम में फंस गया, जिसे बाद में पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से रवाना कराया।

टैंकर में डीजल भरा होने के कारण आग लगने की आशंका बनी रही। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया।

बाद में बड़ी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

घायल दोनों चालकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए सड़क पर पर्याप्त रोशनी और गति नियंत्रण की मांग की है।