Monday, April 13, 2026
Home Breaking पुलिस टीम पर हमला, टीआई समेत कई घायल, 10 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम पर हमला, टीआई समेत कई घायल, 10 आरोपी गिरफ्तार

19
Oplus_16908288

The Duniyadari: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने के बावजूद पुलिस ने साहस दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले जाने में सफलता हासिल की। पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय को पकड़ने के लिए संयुक्त पुलिस टीम पहुंची थी। इस टीम में सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने गांव में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों को वाहन में बैठाने के दौरान उन्होंने विरोध शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी को सिर, गर्दन और सीने में चोटें आईं। वहीं एक महिला आरक्षक सहित कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया, जिससे हाईवे पेट्रोलिंग वाहन का कांच टूट गया।

घटना के दौरान आरोपियों के परिजनों ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की और पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली। हालांकि, पुलिस टीम ने संयम रखते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना पटेवा ले आई।

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय सहित उनके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।