The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही- बिलासपुर–कटनी रेल सेक्शन पर रविवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन के पास कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गई। घटना के बाद रेलवे विभाग में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया।
बताया जा रहा है कि पेंड्रा रोड और वेंकटनगर स्टेशन के बीच खैरझीटी बैरियर के पास अनूपपुर की दिशा में जा रही मालगाड़ी की कपलिंग अचानक टूट गई। इसके चलते इंजन के साथ जुड़े करीब 25 डिब्बे आगे निकल गए, जबकि बाकी डिब्बे पीछे ही पटरी पर खड़े रह गए।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। यदि समय रहते ब्रेक नहीं लगाए जाते तो पीछे छूटे डिब्बों से टकराव या अन्य दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। काफी प्रयासों के बाद अलग हुए डिब्बों को सुरक्षित तरीके से दोबारा जोड़ा गया। इसके बाद मालगाड़ी को निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कपलिंग टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल इस रूट पर रेल परिचालन सामान्य बताया जा रहा है। 🚆















