Tuesday, April 14, 2026
Home Breaking नकली सोना बदलवाने पहुंची महिला गिरफ्तार, ज्वेलरी दुकान मैनेजर की सतर्कता से...

नकली सोना बदलवाने पहुंची महिला गिरफ्तार, ज्वेलरी दुकान मैनेजर की सतर्कता से खुला मामला

13

The Duniyadari: बिलासपुर में नकली सोना देकर असली गहने लेने की कोशिश करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां ज्वेलरी दुकान के मैनेजर की सतर्कता से धोखाधड़ी की कोशिश नाकाम हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, श्री लीला ज्वेलरी दुकान के मैनेजर जलेश कुमार अहिरे 10 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला दुकान में पहुंची और अपना नाम पूनम वर्मा बताया। महिला ने एक जोड़ी टॉप्स और एक अंगूठी दिखाते हुए कहा कि दोनों 18 कैरेट सोने के हैं और वह इन्हें बदलकर दूसरे गहने लेना चाहती है।

मैनेजर जलेश को गहने हाथ में लेते ही शक हुआ, क्योंकि वे असामान्य रूप से हल्के लग रहे थे। संदेह होने पर उन्होंने मशीन से जांच कराई, जिसमें दोनों गहने नकली पाए गए। इसके बाद उन्होंने गहनों को काउंटर पर रखकर दुकान मालिक को सूचना दी और आपस में चर्चा करने लगे।

इसी बीच महिला ने बातचीत सुन ली और मौका देखकर काउंटर से टॉप्स और अंगूठी उठाकर वहां से फरार हो गई। अगले दिन 11 अप्रैल को दुकान मालिक से चर्चा के बाद मैनेजर ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान पूनम वर्मा के रूप में की। महिला नकली सोना को असली बताकर धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।