Friday, April 17, 2026
Home Breaking प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री का फैसला अटका, कई जिलों में देशी...

प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री का फैसला अटका, कई जिलों में देशी शराब की किल्लत

12

The Duniyadari: Raipur-  प्रदेश सरकार द्वारा कांच की जगह प्लास्टिक बोतलों में देशी शराब की बिक्री शुरू करने का निर्णय जमीनी स्तर पर अब तक पूरी तरह लागू नहीं हो पाया है। नई व्यवस्था के लागू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण कई जिलों में देशी शराब की आपूर्ति प्रभावित हो गई है और आबकारी दुकानों में स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई है।

जानकारी के अनुसार, डिस्टलरी संचालकों ने प्लास्टिक बोतलों में सप्लाई शुरू करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। उन्होंने नई पैकेजिंग व्यवस्था को लागू करने के लिए 31 मई तक की मोहलत मांगी है। इस बीच आबकारी विभाग के निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर देशी शराब की आपूर्ति लगभग ठप हो गई है।

आबकारी सचिव पी.एस. एल्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने 1 अप्रैल से प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री का निर्णय लागू किया था, लेकिन निर्माताओं की तैयारियां अधूरी होने के कारण समय बढ़ाने की मांग सामने आई है। इस विषय पर अंतिम निर्णय मंत्री स्तर पर लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ जिलों में देशी शराब की उपलब्धता प्रभावित हुई है। हालांकि रायपुर में बॉटलिंग प्लांट शुरू होने के बाद धीरे-धीरे आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। आबकारी विभाग का दावा है कि इस स्थिति का राजस्व पर अभी तक कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।

सूत्रों के मुताबिक, डिस्टलरी संचालक कांच की बोतलों में ही सप्लाई जारी रखने के पक्ष में थे, लेकिन सरकार ने प्लास्टिक बोतलों की व्यवस्था को ही लागू करने का निर्णय बरकरार रखा है।