Thursday, April 23, 2026
Home Breaking भीषण सड़क हादसा: हाइवा और टैंकर की टक्कर, दोनों चालक गंभीर

भीषण सड़क हादसा: हाइवा और टैंकर की टक्कर, दोनों चालक गंभीर

13
Oplus_16908288

The Duniyadari: बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास बुधवार दोपहर एक खतरनाक सड़क दुर्घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। रेत से भरा हाइवा और डीजल-पेट्रोल टैंकर आमने-सामने भिड़ गए, जिससे दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह चकनाचूर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के चालक स्टेयरिंग में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही गिधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी मशीन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकाला गया। घायलों की पहचान हरिश्चंद्र पटेल (30) और मुकेश टंडन (27) के रूप में हुई है।

दोनों को 108 एंबुलेंस के जरिए पहले पलारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

इधर, क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि रेत परिवहन में लगे भारी वाहनों की बेलगाम गति और नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई, स्पीड कंट्रोल और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।