The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में एक बार फिर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। गुरुवार को प्लांट की एक भट्टी में अचानक तेज धमाका हुआ.
जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई और कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। घटना के तुरंत बाद प्लांट के भीतर 4 से 5 एम्बुलेंस पहुंचीं और घायलों को तेजी से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, देर शाम तक घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्लांट में इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी यहां कई हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। हाल ही में औद्योगिक सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण और कुछ कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा।
ताजा घटना के बाद एक बार फिर प्लांट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी की नजर घायलों की स्थिति और आधिकारिक अपडेट पर टिकी हुई है।















