The Duniyadari: दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में आपसी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया।
खुर्सीपार के उड़िया मोहल्ले में रविवार सुबह एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने से कम उम्र के युवक पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी मुरली और 30 वर्षीय विक्रम सोना के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
दो दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसने इस घटना की पृष्ठभूमि तैयार कर दी।
रविवार सुबह गुस्से में आए बुजुर्ग ने धारदार टंगिया उठाकर विक्रम पर लगातार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सुपेला स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।















