The Duniyadari: Raipur- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नाराजगी के बाद पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच अधूरी सड़क के मरम्मत कार्य में तेजी आ गई है। बलरामपुर में सरगुजा संभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सीएम ने सड़क की बदहाल स्थिति और देरी पर सख्ती दिखाई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि अधूरी सड़क से लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है। बारिश से पहले इस मार्ग को ठीक करना बेहद जरूरी है। फटकार के बाद विभाग ने मरम्मत को प्राथमिकता पर लिया है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग के अपूर्ण हिस्से की मरम्मत के पुराने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए तुरंत काम शुरू करने को कहा है। मरम्मत जोनल एजेंसी से कराई जाएगी। एजेंसी न मिलने पर संभाग में चल रहे मौजूदा ठेकों से काम कराया जाएगा।
साथ ही PWD राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता, अंबिकापुर को मरम्मत पूरा होने तक मुख्यालय कुनकुरी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने को कहा गया है ताकि काम की रोज निगरानी हो और ढिलाई न बरती जाए।
सीएम साय ने साफ किया है कि सड़क मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस फैसले से बरसात से पहले लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा। लंबे समय से अटके इस काम को अब रफ्तार मिलने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।















