The Duniyadari: रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने एक मकान के बाहर दो देसी बम फेंक दिए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना रिंकू तिवारी के घर की बताई जा रही है, जहां पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक और एक युवती नकाब पहनकर मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि सोनू पटेल नामक युवक अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें धमाके की आवाज भी सुनाई दे रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पीड़िता रिंकू तिवारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। एफआईआर के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद कबीर नगर इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।















