Monday, May 25, 2026
Home Breaking बड़ा फैसला: शादी-ब्याह में डीजे पर रोक, परंपरा बचाने सख्त हुए समाज...

बड़ा फैसला: शादी-ब्याह में डीजे पर रोक, परंपरा बचाने सख्त हुए समाज प्रमुख

9

The Duniyadari: कोंडागांव में हल्बा समाज ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं को सुरक्षित रखने के लिए अब सख्ती बढ़ा दी है। कोपरा स्थित सामाजिक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने आधुनिक आयोजनों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कई अहम निर्णय लिए। बैठक में विशेष रूप से विवाह समारोहों में डीजे बजाने की प्रवृत्ति को परंपराओं के खिलाफ बताते हुए उस पर पूर्ण प्रतिबंध जारी रखने की बात कही गई।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि कुछ गांवों में सामाजिक नियमों की अनदेखी करते हुए शादी कार्यक्रमों में डीजे का उपयोग किया गया था। इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित लोगों को समाज की ओर से नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई है। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर और कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

समीक्षा बैठक में छठी कार्यक्रमों में नशापान पर रोक लगाने तथा रिसेप्शन समारोहों में बफे सिस्टम बंद करने की अपील भी की गई। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने युवाओं को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश देते हुए सामाजिक अनुशासन का पालन करने की सलाह दी।

बैठक में विभिन्न गांवों से पहुंचे युवक-युवतियों और समाज प्रतिनिधियों ने भी संस्कृति संरक्षण के पक्ष में अपनी राय रखी। समाज का मानना है कि आधुनिकता की दौड़ में पारंपरिक रीति-रिवाज कमजोर होते जा रहे हैं, इसलिए सामाजिक नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य बनाया जा रहा है। बैठक के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने एकजुटता के साथ सांस्कृतिक विरासत को बचाने का संकल्प दोहराया।