Monday, May 25, 2026
Home Breaking सड़क हादसे में मासूम की मौत, पोस्टमार्टम के दौरान गायब हुआ सोने...

सड़क हादसे में मासूम की मौत, पोस्टमार्टम के दौरान गायब हुआ सोने का लॉकेट

6

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा-शिवरीनारायण मार्ग पर दर्दनाक हादसे में तीन साल के बच्चे की जान चली गई। केरा गांव में तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने सड़क किनारे खड़े मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि छोटा हर्ष श्रीवास अपने पिता मनोज श्रीवास की सैलून दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल अवस्था में परिजन तत्काल उसे नवागढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब परिजनों ने पोस्टमार्टम के दौरान बच्चे के गले से सोने का लॉकेट गायब होने का आरोप लगाया। परिवार का कहना है कि अस्पताल लाते समय बच्चे के गले में लॉकेट मौजूद था, लेकिन अगले दिन शव सौंपे जाने के दौरान वह नहीं मिला। इससे परिजनों में भारी नाराजगी देखी गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं लॉकेट गायब होने के मामले में अस्पताल और मोर्चरी परिसर में मौजूद कर्मचारियों व अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।