The Duniyadari: Raipur– दक्षिण मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तिरुपति से रक्सौल के बीच चल रही विशेष ट्रेन को अब नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का फैसला लिया है। ट्रेन संख्या 17433/17434 तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस जून 2026 से नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी। इससे छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड और बिहार के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 1 जून 2026 से प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से रवाना होगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 4 जून 2026 से हर गुरुवार को रक्सौल से संचालित की जाएगी।
यह ट्रेन दक्षिण भारत को बिहार से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। रायपुर स्टेशन पर यह ट्रेन अप दिशा में सुबह 10:45 बजे पहुंचेगी, जबकि डाउन दिशा में सुबह 6:20 बजे आएगी। बिलासपुर और दुर्ग में भी इसका ठहराव रहेगा, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मार्ग में सिकंदराबाद, काजीपेट, गोंदिया, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, धनबाद, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी सहित कई अहम स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव तय किया गया है। इससे दक्षिण भारत और बिहार के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, मजदूरों, विद्यार्थियों और व्यापारिक यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने जानकारी दी है कि ट्रेन 24 आईसीएफ कोचों के साथ चलाई जाएगी। इसमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे। नियमित संचालन शुरू होने से नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन समेत मध्य भारत के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, आरक्षण और परिचालन संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस ऐप के माध्यम से जरूर जांच लें।















