The Duniyadari: Raipur– विधायक पुरंदर मिश्रा के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर में सेवा कार्य करने वाले एक व्यक्ति ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 24 मई 2026 की रात करीब 8:24 बजे उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को विधायक नीतिन नवीन का पीए बताते हुए तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कही और मदद मांगी। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से दोबारा फोन कर एक स्कैनर भेजा गया, जिस पर “कामिनी बेहरा” नाम दिखाई दे रहा था। भरोसे में आकर प्रार्थी ने फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर और अधिक रकम की मांग करने लगा। संदेह होने पर प्रार्थी ने परिचितों से चर्चा की, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में आरोपी की पहचान उड़ीसा के पुरी जिले के अस्टरंगा थाना क्षेत्र स्थित तालदा निवासी 35 वर्षीय सहदेव मलिक के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उड़ीसा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और रायपुर लाकर न्यायालय में पेश किया।















