The Duniyadari: बालोद जिले में सरकारी कार्यालय की मर्यादा को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। जिले के एक धान संग्रहण केंद्र से वायरल हुए वीडियो ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कुछ कर्मचारी कार्यालय परिसर के भीतर बैठकर शराब पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र का है, जहां कार्यरत एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपने साथियों के साथ कथित तौर पर शराब का सेवन करता नजर आया। हैरानी की बात यह है कि कार्यालय की अलमारी, जहां सरकारी अभिलेख और जरूरी दस्तावेज रखे जाने चाहिए, वहां शराब की बोतलें रखी हुई दिखाई दे रही हैं।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में इस तरह की गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि शासन-प्रशासन की छवि को भी नुकसान पहुंचाती हैं। मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।















