Saturday, May 30, 2026
Home Breaking गलत प्रेग्नेंसी रिपोर्ट से मचा बवाल: नाबालिग को रातभर थाने में बैठाने...

गलत प्रेग्नेंसी रिपोर्ट से मचा बवाल: नाबालिग को रातभर थाने में बैठाने और दुर्व्यवहार के आरोप, थाना प्रभारी व डॉक्टर पर कार्रवाई

3

The Duniyadari: राजनांदगांव जिले के सोमनी क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर हुई लापरवाही और पुलिस की संवेदनहीनता का मामला चर्चा का विषय बन गया है। पेट दर्द की शिकायत पर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची किशोरी को जांच के बाद गर्भवती बताया गया, जिससे परिवार सकते में आ गया। बाद में दूसरी जांच में रिपोर्ट गलत साबित हुई और किशोरी गर्भवती नहीं पाई गई।

परिजनों का आरोप है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने किशोरी को देर रात थाने लाकर घंटों तक पूछताछ की। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। स्वजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्ची मानसिक रूप से बेहद परेशान है और उसकी तबीयत भी लगातार बिगड़ रही है।

मामले ने तूल पकड़ा तो परिजन जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मिले तथा कार्रवाई की मांग की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सोमनी थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है, जबकि स्वास्थ्य केंद्र की संबंधित मेडिकल अधिकारी को भी उनके पद से हटा दिया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और पुलिस के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।