Monday, June 1, 2026
Home Breaking रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बहाल...

रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बहाल कीं 86 ट्रेनें, रद्दीकरण का फैसला वापस

9

The Duniyadari: Raipur/Bilaspur– रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन ने जून माह में अस्थायी रूप से रद्द की गई सभी 86 ट्रेनों के संचालन को फिर से मंजूरी दे दी है। पहले चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन से जुड़े नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 7 जून से 19 जून के बीच कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के मार्ग में बदलाव का निर्णय लिया गया था।

हालांकि यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने फिलहाल इस निर्माण कार्य को अगले आदेश तक टाल दिया है। इसके साथ ही पहले रद्द की गई 76 एक्सप्रेस और 10 पैसेंजर ट्रेनों को पुनः उनके निर्धारित समय और मार्ग पर संचालित करने का फैसला लिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब यात्रियों को पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लिए यात्रा में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिन ट्रेनों के रूट अस्थायी रूप से बदले गए थे, उन्हें भी पुनः उनके मूल मार्ग पर बहाल कर दिया गया है।

बहाल की गई प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा–पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, पुणे–हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस, सीएसएमटी–हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस तथा भुवनेश्वर–एलटीटी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से जांच लेने की सलाह दी है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।