Saturday, June 13, 2026
Home Breaking बिना सुरक्षा उपकरण के खंभे पर चढ़ाया, 11 केवी करंट की चपेट...

बिना सुरक्षा उपकरण के खंभे पर चढ़ाया, 11 केवी करंट की चपेट में आया ठेकाकर्मी

37

The Duniyadari: Bilaspur- जिले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। बिल्हा क्षेत्र में बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान एक ठेका कर्मचारी हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, मोहभट्टा मेला परिसर के पास विद्युत लाइन पर कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि कर्मचारी को पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और आवश्यक सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराए बिना ही खंभे पर चढ़ाकर काम कराया गया। इसी दौरान वह चालू 11 केवी लाइन के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कर्मचारी कुछ समय तक खंभे पर ही फंसा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सीढ़ी की मदद से उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक करीब 20 प्रतिशत तक झुलसा है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद कर्मचारी की दर्दनाक स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर बरती जा रही सावधानियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।