The Duniyadari: नई दिल्ली/Raipur– आम उपभोक्ताओं की जेब पर महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) के दामों में एक बार फिर वृद्धि कर दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो 7 जून से प्रभावी हो गई है। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। ऊर्जा बाजार के जानकारों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर घरेलू ईंधन बाजार पर पड़ रहा है।
सरकारी तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की लागत बढ़ने के बावजूद लंबे समय से घरेलू सिलेंडर अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत की भरपाई के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था।
इससे पहले जून की शुरुआत में 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 5 किलोग्राम वाले छोटे LPG सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं, जिसका असर छोटे व्यवसायों और निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी लगातार वृद्धि देखने को मिली है। ऐसे में घरेलू गैस की नई बढ़ी हुई दरें आम परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती हैं।















