The Duniyadari: Raipur- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ को मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ है। विशेष केंद्रीय सहायता, सड़क निर्माण, पुलों के विकास और सुरक्षा बलों के आधुनिकीकरण से प्रदेश को नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि सड़क, ग्रामीण विकास, आवास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में केंद्र की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और ग्रामीण सड़क परियोजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वित्तीय संसाधनों में बढ़ी हिस्सेदारी और विशेष सहायता योजनाओं से राज्य की विकास परियोजनाओं को बल मिला है। वहीं खनिज, पर्यटन, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और आदिवासी विकास के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया और भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण जैसी पहलों ने प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाया है। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार से लोगों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और सहयोग आगे भी इसी तरह मिलता रहेगा। उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल नेतृत्व की कामना की।















