The Duniyadari: Raipur- सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार चालक और एक ट्रैक्टर चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कार क्रमांक CG 07 BQ 9988 और ट्रैक्टर क्रमांक CG 04 PM 4238 के चालकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनकी जांच की गई। परीक्षण में दोनों चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों चालकों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह है। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।















