The Duniyadari: Raipur रेल मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत 18 जून 2026 को ट्रेन नंबर 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस का भाटापारा से रायपुर के बीच औचक निरीक्षण किया गया। यह जांच सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
निरीक्षण के दौरान ट्रेन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कोच एस-6 में कैटरिंग स्टाफ द्वारा दरवाजे के पास खाद्य सामग्री रखे जाने से यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिसे तत्काल हटवाया गया। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना।
जांच के दौरान एक वेंडर के पास निर्धारित मानकों से छोटे आकार के पेपर कप पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं कैटरिंग स्टाफ के पास रेलवे से अनुमोदित नहीं की गई पैकेज्ड पेयजल बोतलें भी मिलीं, जो गुणवत्ता और अनुबंध शर्तों के विपरीत पाई गईं।
ट्रेन की हाउसकीपिंग व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सेवा से जुड़ा एक कर्मचारी एसी कोच में नशे की हालत में बर्थ पर सोता हुआ पाया गया। संबंधित कर्मचारी को रायपुर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। मामले में संबंधित लाइसेंसधारियों और एजेंसियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।















