The Duniyadari: गरियाबंद- जिले के देवभोग थाना क्षेत्र से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। कुदलीमुड़ा गांव में एक 35 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान लोकेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो एक स्कूल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उस समय वह शराब के नशे में था। विवाद के बाद उसने कुएं में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले लोकेश ने डायल-112 पर कॉल किया था। पुलिस कॉल की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।















