Thursday, July 2, 2026
Home Breaking कोविड में अनाथ हुए बच्चों से मिले कलेक्टर, शिक्षा और भविष्य को...

कोविड में अनाथ हुए बच्चों से मिले कलेक्टर, शिक्षा और भविष्य को लेकर दिया भरोसा

13

The Duniyadari: दुर्ग- कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों से कलेक्टर अभिजीत सिंह ने गुरुवार को आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कलेक्ट्रेट में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, करियर की योजनाओं और शासन से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने प्रत्येक बच्चे से व्यक्तिगत बातचीत करते हुए उनके स्कूल, शैक्षणिक प्रदर्शन और भविष्य के लक्ष्य के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों को पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने, अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में बच्चों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें पीएम केयर्स, स्पॉन्सरशिप योजना, महतारी दुलार योजना, आपदा राहत सहायता, वार्षिक छात्रवृत्ति तथा निर्धारित आयु पूरी होने पर एकमुश्त आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को सभी बच्चों के आवश्यक दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड का बायोमेट्रिक अपडेट, 18 वर्ष से अधिक आयु वाले युवाओं के वोटर आईडी तथा जाति प्रमाण पत्र समय पर तैयार कराने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बच्चों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।