Monday, July 6, 2026
Home Breaking डायल-112 की तत्परता से बची युवती की जान, सर्पदंश के बाद समय...

डायल-112 की तत्परता से बची युवती की जान, सर्पदंश के बाद समय पर पहुंचाया अस्पताल

11

The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही-  जिले में डायल-112 की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपातकालीन सेवा की उपयोगिता साबित की है। सर्पदंश की शिकार 18 वर्षीय युवती को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर पुलिस टीम ने उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:45 बजे डायल-112 की गौरेला फाल्कन-1 टीम को ग्राम धनौली से एक युवती को सांप काटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आरक्षक वीरेंद्र गर्ग और वाहन चालक लुपेंद्र कुमार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि अनीता खुसरो (18), जो बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के तेंदुआपारा की रहने वाली हैं, अपने रिश्तेदारों के यहां मेहमान बनकर आई थीं। रात में जमीन पर सोने के दौरान उन्हें जहरीले सांप ने डंस लिया, जिससे उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

डायल-112 की टीम ने बिना देर किए युवती को परिजनों के साथ जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से युवती की हालत में सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद जिला पुलिस ने वर्षा ऋतु में बढ़ते सर्पदंश के मामलों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से जमीन पर सोने से बचने, चारपाई या बिस्तर का उपयोग करने, मच्छरदानी लगाने और सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत डायल-112 या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करने की सलाह दी है।