Monday, July 6, 2026
Home Breaking छत्तीसगढ़ में बड़े आईपीएस फेरबदल की तैयारी, 15 जुलाई से पहले जारी...

छत्तीसगढ़ में बड़े आईपीएस फेरबदल की तैयारी, 15 जुलाई से पहले जारी हो सकती है तबादला सूची

14

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ में आईपीएस अधिकारियों के बहुप्रतीक्षित तबादलों को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, 15 जुलाई से पहले सरकार बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी कर सकती है। इस सूची में पुलिस रेंज के आईजी, कई जिलों के एसएसपी-एसपी और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग, सरगुजा और राजनांदगांव रेंज के आईजी स्तर पर बदलाव हो सकते हैं। पुलिस अकादमी चंदखुरी के निदेशक अजय यादव को राजनांदगांव रेंज की कमान मिलने की चर्चा है। वहीं वर्तमान राजनांदगांव आईजी बालाजी राव सोमावार को सरगुजा तथा सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा को दुर्ग रेंज भेजे जाने की संभावना है। दुर्ग रेंज आईजी अभिषेक शांडिल्य को भी नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

इस संभावित तबादला सूची की सबसे खास बात यह मानी जा रही है कि पहली बार दो महिला आईपीएस अधिकारियों को जिले की कमान सौंपी जा सकती है। धमतरी और सारंगढ़ जैसे जिलों में महिला पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ प्रशासनिक संतुलन बनाए रखना बताया जा रहा है।

एसपी स्तर पर भी कई अहम बदलाव की चर्चा है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह के नाम संभावित सूची में शामिल बताए जा रहे हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता, मयंक गुर्जर और संदीप पटेल को क्रमशः दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा का पुलिस अधीक्षक बनाया जा सकता है।

कोरबा जिले के नए एसपी को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है। राजेश कुकरेजा, चंद्रमोहन सिंह और त्रिलोक बंसल के नाम प्रमुख दावेदारों में बताए जा रहे हैं। वहीं मुंगेली एसपी भोजराम पटेल को बेमेतरा भेजे जाने की संभावना है। सुकमा एसपी किरण गंगाराम चव्हाण को कोरिया, कांकेर एसपी निखिल राखेचा को अंबिकापुर, दंतेवाड़ा एसपी राय गौरव रामप्रवेश को सूरजपुर तथा बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव को मुंगेली की जिम्मेदारी मिल सकती है।

इसके अलावा बेमेतरा, कोरिया, अंबिकापुर, सूरजपुर सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों के तबादले होने की संभावना है। वहीं डीआईजी स्तर के अधिकारियों प्रशांत ठाकुर, राजेश अग्रवाल और रामकृष्ण साहू को पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारियां मिलने की चर्चा भी प्रशासनिक गलियारों में तेज है।