Monday, July 27, 2026
Home Breaking बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न,...

बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, मंत्री लखनलाल देवांगन की मौजूदगी में एसडीएम ने दिलाई शपथ

3

The Duniyadari: बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ( एसडीएम ) ने नवनियुक्त एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, देव यादव एवं निराकार नाहक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने की। वहीं नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा अतिविशिष्ट अतिथि तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समारोह में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, बांकीमोंगरा भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, नगर पालिका के समस्त पार्षद, विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण तथा सैकड़ों की संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के उपरांत नवनियुक्त एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, देव यादव एवं निराकार नाहक का अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि एल्डरमैन नगर विकास की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और बांकीमोंगरा के विकास में भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नगर पालिका की पूरी टीम जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से क्षेत्र के विकास को नई गति देगी। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें और नगर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एल्डरमैनों के सहयोग से नगर पालिका की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित विकास झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बांकीमोंगरा के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।