The Duniyadari: जगदलपुर- सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आसना स्कूलपारा निवासी विनोद पानीग्राही ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित लारेंस एंथोनी कुज ने मंत्रालय में अच्छी पकड़ होने का दावा करते हुए फूड इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिया था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जुलाई 2022 से सितंबर 2024 के बीच उसने गूगल पे और चेक के माध्यम से आरोपी के खाते में करीब दो लाख रुपये जमा किए थे। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब उसने चयन प्रक्रिया और सूची की जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा।
खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन माध्यम से रकम लेने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।














