The Duniyadari: कोरबा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने परिसर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया।

ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर श्री दुदावत ने जिला कार्यालय परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं और भाषणों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महानायकों का योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों ने केवल देश को पराधीनता से मुक्त कराने का कार्य नहीं किया, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा भी निर्धारित की।
उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को व्यवहार में उतारना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक देश व समाज की प्रगति में सार्थक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण, ईमानदारी, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान देते हुए विकास की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता जरूरी है। सामूहिक जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
देशभक्ति गीत से शहीदों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान सहायक कलेक्टर श्री ईशांत जायसवाल ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से राष्ट्र के प्रति समर्पण और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल एवं श्री ओंकार यादव, संयुक्त कलेक्टर श्री कौशल तेंदुलकर, श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।































