Monday, August 17, 2026
Home कोरबा बाँकीमोंगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डकैती के 3 मामलों का खुलासा, 4...

बाँकीमोंगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डकैती के 3 मामलों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

11

The Duniyadari: “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कार्रवाई, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया; वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

बाँकीमोंगरा/कोरबा। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बलगी सबस्टेशन, सूराकछार खदान और दीपका खदान में हुई डकैती की तीन अलग-अलग घटनाओं की जांच करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जानकारी के साथ-साथ अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मिले इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजपाल चौहान (22), निवासी जामनीमूड़ा थाना पाली, फिरोज मेमन (27), निवासी भिलाईबाजार थाना हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप (21), निवासी शुक्लाखार थाना बाँकीमोंगरा और होरीलाल केवट (24), निवासी शांतिनगर थाना कुसमुंडा के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, डकैती की इन घटनाओं में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।

तीन डकैती मामलों का एक साथ खुलासा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। मामले में पुलिस घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।