The Duniyadari: कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांधी चौक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि इसके साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन भी जुड़ा है। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे को स्वतंत्रता आंदोलन की मूल भावना बताते हुए इन मूल्यों की रक्षा के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया।

उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद समेत तमाम स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और संघर्ष की बदौलत देशवासियों को स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ जीवन जीने का अवसर मिला।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश की प्रगति तभी सार्थक मानी जाएगी, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को सम्मान, न्याय तथा समान अवसर मिले। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया और कोरबा सहित प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि देश की एकता-अखंडता, संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष शहर सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, पालूराम साहू, बसंत चंद्रा, जिला महामंत्री गिरधारी बरेठ, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, जवाहर निर्मलकर, अश्वनी पटेल, पार्षद नारायण लाल कुर्रे, पूर्व पार्षद रामगोपाल यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, निकिता खलखो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।































