Saturday, September 12, 2026
Home कोरबा दर्री में सड़क पर कब्जा करने वालों पर निगम का शिकंजा, दुकानों...

दर्री में सड़क पर कब्जा करने वालों पर निगम का शिकंजा, दुकानों के आगे से हटाए गए शेड और अतिरिक्त निर्माण

9

The Duniyadari: कोरबा। नगर पालिक निगम दर्री क्षेत्र में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को लेकर निगम प्रशासन ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने कई दुकानों के बाहर सड़क की ओर बढ़ाए गए अतिरिक्त हिस्सों, शेड और अस्थायी ढांचों को हटाकर रास्ते को खाली कराया।

निगम अमले की कार्रवाई उन स्थानों पर केंद्रित रही, जहां दुकानों के बाहर किए गए निर्माण के कारण सड़क का उपयोग प्रभावित हो रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक सड़क और अन्य सरकारी जगहों पर किसी भी तरह का कब्जा नहीं करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान दुकानों के सामने सड़क की ओर बढ़े हुए हिस्सों को हटाया गया। इसके साथ ही सड़क किनारे की जगह को व्यवस्थित कर आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त रखना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दर्री क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्रचलित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।