Saturday, October 17, 2026
Home कोरबा राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दम दिखाएंगे कोरबा के धनंजय कुमार शुक्ला

राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दम दिखाएंगे कोरबा के धनंजय कुमार शुक्ला

3

The Duniyadari: अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बनाई राष्ट्रीय स्तर पर जगह, अगले महीने नोएडा में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

कोरबा। जिले के पाली पडनिया गांव के रहने वाले युवा बॉक्सर धनंजय कुमार शुक्ला ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है। ज्योति भूषण विधि महाविद्यालय, कोरबा के छात्र धनंजय का चयन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वे अगले महीने नोएडा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

धनंजय ने 15 सितंबर को बिलासपुर के डीपी विप्र लॉ कॉलेज में आयोजित अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। रिंग में उनके बेहतरीन खेल और बॉक्सिंग तकनीक ने उन्हें अन्य खिलाड़ियों के बीच अलग पहचान दिलाई। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

धनंजय की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके चयन पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कमला नेहरू महाविद्यालय की प्राचार्य किरण चौहान, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान और सचिव सुरेश क्रिस्टोफर सहित जिला बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने बधाई दी है। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अब खेल प्रेमियों की निगाहें नोएडा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां धनंजय को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।