Wednesday, October 21, 2026
Home कोरबा विजयादशमी के दिन मातम में बदली खुशियां, सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की...

विजयादशमी के दिन मातम में बदली खुशियां, सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत

5

The Duniyadari: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा पर्व के दिन एक भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मार्ग पर अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान यशवंत गुप्ता (24) और शुभम गुप्ता (20) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला।

जानकारी के अनुसार, नोनबिर्रा में नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। विजयादशमी के दिन विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यशवंत और शुभम पंडित के यहां कुछ सामान छोड़ने गए थे। वहां से इलेक्ट्रिक स्कूटी पर वापस लौटते समय शाम करीब चार बजे रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर उनकी स्कूटी को एक भारी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

त्योहार के दिन हुई इस घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में पर्व की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

सूचना मिलने पर करतला थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक टीम की मदद भी ली। दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस अब दुर्घटना में शामिल भारी वाहन की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया। करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना से संबंधित अन्य जानकारियां सामने आएंगी।