कोरबा। लोगों की सुरक्षा के लिए दिन-रात चौकसी करने वाली पुलिस अक्सर गुस्से में नजर आती है। पर वे भी मानव हैं और मानवता का मोल भली-भांति समझते हैं। मानव सेवा का यही ध्येय रखते हुए शनिवार को पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। आगे बढ़कर न केवल एक बेसहारा और अंजान महिला की अर्थी को कांधा देकर अंतिम यात्रा की, मुक्तिधाम में विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार भी कराया।
कोरबा अंचल में एक बार फिर पुलिस का मानवीय चेहरा आमजनों के सामने आया है। नहर में बह कर आई एक बुजुर्ग महिला के शव की शिनाख्ती नहीं होने पर सप्ताह भर इंतजार करने के बाद पुलिस ने उसका विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र के सर्वमंगला चौकी का है। कुछ सप्ताह पहले हसदेव नहर में एक महिला की लाश मिली थी। जिसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। उसकी शिनाख्ती का काफी प्रयास किया गया, पर सफलता नहीं मिल सकी। काफी पतासाजी और परिजनों के इंतजार के बाद भी उसकी पहचान न हो सकी। एक ओर मृतका के परिजन का कुछ पता नहीं चल पा रहा था तो दूसरी ओर उसकी बॉडी भी डीकंपोज होना शुरू हो गया था। लिहाजा सर्वमंगला पुलिस चौकी के प्रभारी वैभव तिवारी ने अपने मातहतों के साथ महिला के शव का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस की इस पहल को लेकर शहर में काफी चर्चा हो रही हैं।