0 इधर बिलासपुर में कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पांडेय की विधायक रहते 5 साल में पौने 55 लाख घट गई संपत्ति
बिलासपुर। भाजपा ने अपने पूर्व मंत्री और चार बार के विधायक रहे वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल पर पुनः भरोसा जताते हुए बिलासपुर से टिकट दिया है। उन्होंने नामांकन दाखिल करने के साथ ही संपत्ति का ब्योरा भी पेश किया है, जिसके अनुसार अमर अग्रवाल के पास न तो बंगला है और न ही गाड़ी-मोटर। फिर भी वे अपनी पत्नी श्रीमती शशिकला अग्रवाल समेत 20 करोड़ से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। दूसरी ओर मौजूदा विधायक शैलेश पांडे दूसरी बार कांग्रेस की टिकट पर बिलासपुर सीट के लिए चुनाव मैदान में हैं। उनके शपथ पत्र पर गौर करें तो पत्नी समेत वे एक करोड़ 40 लाख 65 हजार 400 की प्रापर्टी के मालिक हैं। इनमें वे स्वयं 63 लाख 28 हजार 800 और उनकी पत्नी 77 लाख 36 हजार 600 की प्रापर्टी रखती हैं। हालांकि बीते पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार में विधायक रहते हुए भी उनकी संपत्ति में कमी दर्ज हुई है। वर्ष 2018 के चुनाव में जहां श्री पांडे ने कुल 1 करोड़ 95 लाख 54 हजार 389 की संपत्ति का ब्योरा पेश किया था, इस बार पेश शपथ पत्र के अनुसार उनकी प्रॉपर्टी पांच साल में 54 लाख 88 हजार 989 रूपए घट गई है।
भाजपा उम्मीदवार अमर अग्रवाल के शपथ पत्र के अनुसार उनके व उनकी पत्नी शशिकला अग्रवाल दोनों के पास 20 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति है। इसके बावजूद श्री अग्रवाल के नाम मकान नहीं है। वे अपनी पत्नी के मकान में रहते है। उनके व उनकी पत्नी दोनों के पास ही वाहन भी नहीं है। वे राजेन्द्र नगर स्थित जिस मकान में रहते हैं वह इनकी पत्नी शशीकला अग्रवाल की है। अमर अग्रवाल के पास सोना-चांदी भी नहीं है। बैंक अकाउंट में उनके पास 4 लाख 71 हजार 288 रूपये जमा है। इसके अलावा 8 लाख 63 हजार रूपये नगद उनके पास है। रूक्मणी पावर, ईस्ट वेस्ट इंफ्राटेक और वेदांता वाशरी में उनका 37 लाख रूपये निवेश है। इसके अलावा पोस्ट आफिस और बीमा कंपनी में 14 लाख का निवेश है। लिंगियाड़ीह में कृषि भूमि है और खरसिया व रायपुर में आवासीय प्लाट और मकान है। कुल मिलाकर 4 करोड़ 58 लाख कुल संपत्ति है। वहीं उनके पत्नी के पास उनसे चार गुना अधिक धन है। कुल मिलाकर उनके पास 9 लाख 15 हजार बैंक में जमा है तो वहीं 427 ग्राम सोना और उनसे बने गहने है। 7 कंपनियों में डेढ़ करोड़ रूपये का निवेश है। 1 करोड़ 7 लाख रूपये का पीपीएफ, एफडीआर है। इसके अलावा 3 करोड़ से अधिक की कृषि भूमि है। अमर अग्रवाल के शपथ पत्र के मुताबिक उन पर 68 लाख रूपये का कर्ज भी है।
मौजूदा विधायक बीई मैकेनिकल और सी-डेक, पूर्व मंत्री ग्रेजुएट
बिलासपुर के मौजूदा विधायक शैलेश पांडे ने बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री ले रखी है। उन्होंने मैकेनिकल ब्रांच में इंजीनियरिंग स्नातक के बाद सी डेक भी किया है। दूसरी ओर अमर अग्रवाल ने भी स्नातक की डिग्री ले रखी है। भले ही विभिन्न बातों में दोनों प्रत्याशियों की बीच अनेक विभिन्नता हो पर एक बात दोनों में कॉमन है और वह है कि दोनों ही प्रत्याशियों ने अपनी अपनी उच्च या तकनीकी शिक्षा की डिग्री पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से ही हासिल की है।































