कोरबा। वोटिंग का काउंट डाउन शुरू हो चुका है और जैसे-जैसे प्रचार अभियान तेज हो रहे हैं, खासकर हाई प्रोफ़ाइल कोरबा शहर की सीट हॉट सीट बनती जा रही है। मंगलवार को उस वक्त सियासी पारा गरम हो चला, जब कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह भाजपा उम्मीदवार लखनलाल के मोहल्ले में जनसंपर्क को पहुंचे। कहा जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी को यहां प्रचार करने से रोकने की कोशिश की गई, जिससे विवाद और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। खबर पुलिस तक पहुंची तो मौके पर पहुंचे महकमे के अफसरों ने मामला संभाला।
जिले में भले ही चार विधानसभा क्षेत्र में 51 प्रत्याशी लड़ रहे हो पर इसमें कोई शक नही की कोरबा की सीट पर रायपुर से लेकर दिल्ली तक सबकी निगाह टिकी हुई है। प्रतिष्ठा की दौड़ जीतने सभी आम और खास प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ जनसंपर्क कर रहे हैं। कल तक प्रचार अभियान शांति से चला। लेकिन मंगलवार की शाम को कोरबा दर्री मार्ग पर स्थित कोहड़िया बस्ती में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। यहां भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन का निवास है। उस कोहडिया बस्ती में कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह अग्रवाल की सभा आयोजित की गई थी। जय सिंह अग्रवाल के सभा में जाने के पूर्व कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता कोहड़िया जाने के लिए जब मोहल्ले के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तब वहां एकत्रित कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और बस्ती में प्रवेश करने का विरोध शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई। पुलिस के अधिकारी कर्मचारियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत कराया। बाद में जय सिंह अग्रवाल कोहड़ियां बस्ती में आयोजित सभा को संबोधित करने गए। जय सिंह अग्रवाल ने कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए घोषणा पत्र में उल्लेखित विषयों को भी लोगों के समक्ष रखा। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ आए पार्टी पदाधिकारियो ने भी लोगों से आग्रह किया कि वह 17 नवंबर को निर्भय होकर मतदान करें।