Tuesday, March 10, 2026
Home Breaking पति-पत्नी को पीटकर गहने छीने, छह घरों से बाइक भी ले गए...

पति-पत्नी को पीटकर गहने छीने, छह घरों से बाइक भी ले गए नकाबपोश डकैत

141

बुरहानपुर-  बुरहानपुर जिले के नेपानगर में शनिवार रात तीन बजे के आसपास बदमाशों ने सीमेंट व्यवसायी के यहां डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। डकैतों की संख्या बीस से ज्यादा बताई जा रही है। सभी ने अपने चेहरे नकाब से ढंग रखे थे। रविवार सुबह सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच गया था। डॉग स्क्वाड की मदद से डकैतों का सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने बताया कि रात तीन बजे के आसपास डकैत वृंदावन कॉलोनी में रहने वाले सीमेंट व भवन निर्माण सामग्री के व्यवसायी रौनक जैन के घर पहुंचे। घर का गेट कूद कर बदमाश अंदर पहुंचे और चौकीदार को बंधक बना लिया। इसके बाद वे घर में घुसे और रौनक व उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर पहने हुए सोने के गहने छीन लिए।

इस मारपीट में रौनक को ज्यादा चोट आई है। उसे दस टांके लगे हैं। इसके बाद बदमाश आसपास के घरों में भी पहुंचे और छह घरों से बाइक चोरी कर फरार हो गए। यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, लेकिन डकैतों के चेहरे ढंके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पा रही है।

डकैती करने के बाद बदमाश एनीकट होते हुए डवाली-सारोला मार्ग से अमरावती स्टेट हाइवे की ओर भागे हैं। रास्ते में एक बाइक का पेट्रोल खत्म हो जाने पर उसे रास्ते में भी छोड़ गए थे। पुलिस ने उस बाइक को बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे डकैतों ने हाथ में घड़ी आदि पहन रखी है। उनके पहनावे से वे पढ़े लिखे लग रहे हैं। रविवार दोपहर तक आरोपितों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल का कहना है कि टीमों को रवाना किया गया है। जल्द ही डकैत गिरफ्तार किए जाएंगे।